पैसेफिक ओशन गार्बेज पैच : विकास एवं अवस्थिति के लिए उत्तरदायी कारक

प्रश्न: पैसिफिक ओशन गार्बेज पैच क्या है? इसके विकास एवं अवस्थिति के लिए उत्तरदायी कारकों का विवरण प्रस्तुत कीजिए। साथ ही, इसके प्रभावों पर चर्चा कीजिए और शमन के उपाय भी सुझाइए।

दृष्टिकोण

  • पैसेफिक ओशन गार्बेज पैच को परिभाषित करते हुए उत्तर आरंभ कीजिए और इसके विकास और अवस्थिति के लिए उत्तरदायी कारकों का वर्णन कीजिए।
  • इसके प्रभावों पर चर्चा कीजिए।
  • इसके शमन के उपाय बताइए।

उत्तर

पैसेफिक ओशन गार्बेज पैच, महासागरीय धाराओं द्वारा उत्तरी प्रशांत महासागर के मध्य में एकत्रित समुद्री मलबे का विशाल ढेर है। इस कचरे में मुख्य रूप से प्लास्टिक मलबा सम्मिलित है जो विशाल मात्रा में होने के साथ ही व्यापक रूप से बिखरा हुआ भी है।

इसके निर्माण के लिए उत्तरदायी कारक

  • उत्तरी प्रशांत महासागर में, ‘उपोष्ण कटिबंधीय जायर (sub-tropical gyre)‘ कहलाने वाली परिसंचारी महासागरीय धाराएँ निरंतर घड़ी की सुई की दिशा में प्रवाहित होती रहती हैं।
  • ये अपने मार्ग से संलग्न भूमि से अपशिष्ट बहाकर, उत्तरी प्रशांत महासागर के मध्य तक ले जाती हैं। 
  • वृत्ताकार गति, मलबे को शांत और स्थिर केंद्र की ओर खींचती है। यहाँ पहुँचकर यह मलबा अवरुद्ध जाता है।
  • ग्रेट पैसिफिक गार्बेज पैच में लगभग 80% मलबा उत्तरी अमेरिका और एशिया में होने वाली भूमि आधारित गतिविधियों से और शेष 20% नाविकों (boaters),अपतटीय ऑयल रिग्स और विशाल मालवाहक जहाजों के कारण आता है।
  • चूंकि इसमें से अधिकांश गैर-जैव-निम्नीकरणीय (मुख्यतः सूक्ष्म प्लास्टिक) मलबा होता है, इसलिए पैच में मलबे की मात्रा बढ़ती रहती है।

गार्बेज पैच के प्रभाव 

  • प्लास्टिक द्वारा निक्षालित जहरीले और हानिकारक पदार्थों के अंतर्ग्रहण के कारण समुद्री जीवन को क्षति पहुँचती है। इससे समुद्री खाद्य जाल में अवरोध उत्पन्न होता है।
  • समुद्री स्तनधारी मलबे में उलझ जाते हैं और शारीरिक रूप से घायल हो जाते हैं।
  • कचरे की उपस्थिति सूर्य के प्रकाश को प्लवकों और शैवालों तक पहुँचने से रोकती है।
  • इससे समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र की उत्पादकता कम हो जाती है।
  • इससे महासागरों के माध्यम से होने वाले यातायात में बाधा आती है।
  • उपर्युक्त सभी आर्थिक जीवन को प्रतिकूल ढंग से प्रभावित करते हैं- मत्स्यन में कमी आती है और वाणिज्य के लिए बाधा उत्पन्न होती है।

शमन के उपाय

  • विषाक्त और गैर-जैवनिम्नीकरणीय प्लास्टिक कचरे के उपयोग पर प्रतिबंध।
  • कुछ बहु-पक्षीय संगठनों द्वारा जलवायु परिवर्तन शमन की तर्ज पर सफाई अभियान आरंभ किए जाने की आवश्यकता है।
  • मलबे की सफाई के लिए विशेष रूप से तैयार उपकरणों तथा संग्रहण प्लेटफॉर्मों का उपयोग किया जाना चाहिए।
  • इन प्लेटफॉर्मों तक मलबा अपवाहित करने के लिए सतही धाराओं का उपयोग करके लागत प्रभावी तरीके से महासागर की सफाई संभव हो सकेगी।

Read More

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *


The reCAPTCHA verification period has expired. Please reload the page.