परिशुद्ध खेती : कृषि को संधारणीय और लाभदायक बनाने में सहायक

प्रश्न: परिशुद्ध खेती से आपका क्या आशय है? परिशुद्ध खेती, कृषि को संधारणीय और लाभदायक बनाने में किस प्रकार सहायता कर सकती है?

दृष्टिकोण:

  • परिशुद्ध खेती को परिभाषित कर इसकी विशेषताओं पर संक्षेप में चर्चा करते हुए उत्तर आरम्भ कीजिए।
  • परिशुद्ध खेती कृषि को संधारणीय और लाभदायक बनाने में किस प्रकार सहायता कर सकती है, चर्चा कीजिए।
  • इस संबंध में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का वर्णन करते हुए संक्षेप में निष्कर्ष प्रस्तुत कीजिए।

उत्तर:

परिशुद्ध खेती (जिसे सैटेलाइट फार्मिंग या स्थान विशिष्ट फसल प्रबंधन के रूप में भी जाना जाता है) का आशय डिजिटल कृषि प्रौद्योगिकियों का उपयोग करके फसल की उत्पादकता में वृद्धि करने तथा उसकी उपज को अधिकतम बनाने के लिए उचित समय पर सटीक और उपयुक्त मात्रा में जल, उर्वरक, कीटनाशक आदि आगतों का अनुप्रयोग है। इसे सूचना एवं संचार तकनीक, वायरलेस सेंसर नेटवर्क, रोबोटिक्स, ड्रोन, वेरिएबल रेट टेक्नोलॉजी, जियोस्पेशियल मेथड्स और ऑटोमेटेड पोजिशनिंग सिस्टम के माध्यम से कार्यान्वित किए जाने की आवश्यकता होती है। जैसे:

  • सेंसरों से युक्त ट्रैक्टर फसलों हेतु अनुकूल गहराई तक भूमि की जुताई करने में सहायक हो सकते हैं। 
  • उपग्रह से प्राप्त चित्रों का उपयोग मृदा के पोषण स्तर की पहचान करने, फसल विकास की सघनता को निर्धारित करने और खेत के अपेक्षाकृत निम्नस्तरीय विकास के क्षेत्रों की पहचान करने के लिए किया जा सकता है। फलस्वरूप आवश्यकता के आधार पर उपचारात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
  • कीटों के हमलों का सटीक रूप से पता के लिए सेंसर का उपयोग किया जा सकता है।

यह निम्नलिखित तरीकों से कृषि में संधारणीयता को सुनिश्चित करती है:

  • उचित स्थान और उचित समय पर रसायनों की उचित मात्रा का प्रयोग फसलों, मृदा और भूजल तथा इस प्रकार संपूर्ण फसल चक्र हेतु लाभदायक होता है।
  • यह रसायनों के न्यूनतम उपयोग के माध्यम से प्रदूषण को कम करती है और कीटनाशक प्रतिरोध के विकास में कमी को प्रेरित करती है। यह कृषि-रासायनिक उत्पादों के अनुकूलन के माध्यम से पर्यावरण में विशेष रूप से नाइट्रेट निक्षालन और भूजल संदूषण के जोखिम को कम करेगी।
  • यह बेहतर संसाधन प्रबंधन के लिए अवसर प्रदान करती है और साथ ही संसाधनों के अपव्यय को भी कम करती है। उदाहरण के लिए- भूमि, जल और अन्य संसाधनों की निगरानी और प्रबंधन में सुदूर संवेदन (रिमोट सेंसिंग) तकनीक का उपयोग किया जा सकता है।
  • परिशुद्ध खेती उपकरण, कृषि में प्रयुक्त मशीनरी की दक्षता को बढ़ाकर पर्यावरण पर कृषि के दबाव को कम करने में सहायता प्रदान करते हैं।

यह निम्नलिखित साधनों के माध्यम से कृषि में लाभप्रदता सुनिश्चित करती है:

  • परिशुद्ध खेती प्रबंधन पद्धतियों के माध्यम से उपज में वृद्धि के साथ-साथ उर्वरक और रासायनिक अनुप्रयोग लागत को उल्लेखनीय ढंग से कम किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, बीजों अथवा रसायनों के उपयोग में दोहराव न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मशीनों को निर्देशित करने हेतु GPS का उपयोग करना। इस प्रकार कृषक जल, कीटनाशक और उर्वरक लागत पर बचत करके अपने निवेश पर प्रतिफल में वृद्धि कर सकते हैं।
  • यह आगतों की लागत को 18-20 प्रतिशत तक कम करती है तथा उपज में 30 प्रतिशत (चावल और गेहूं) से 100 प्रतिशत (गन्ना, फलों और सब्जियों) तक वृद्धि कर सकती है।
  • कृषि प्रबंधन सॉफ्टवेयर जैसे एग्रीवी (Agrivi), खेत पर सभी गतिविधियों को अपेक्षाकृत सुगम बनाता है और कृषि उत्पादकता में सुधार करता है।
  • GPS सॉइल सैंपलिंग: किसी खेत की मृदा का परीक्षण करने से उसमें उपलब्ध पोषक तत्व, pH स्तर और अन्य आंकड़ों की परास की जानकारी प्राप्त होती है, जो सूचित और लाभदायक निर्णय लेने हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण है।
  • स्वचालित सेंसर का उपयोग करके फसल उपज, फसल सुरक्षा और सिंचाई के लाभों को अधिकतम बनाने में सहायता करने हेतु प्रौद्योगिकी का उपयोग करके श्रम लागत को कम करती है।
  • मृदा और पादप मानदंडों का परिवीक्षण (Monitor Soil & Plant Parameters): उत्पादक समग्र क्षेत्र में सेंसर लगाकर पादपों की वृद्धि के लिए उच्चतम स्थिति का निर्धारण कर सकते हैं।
  • अपेक्षाकृत अधिक कुशल प्रथाओं (जैसे कि उर्वरक उपयोग और अन्य आगतों के प्रबंधन में सुधार) के माध्यम से प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देना।

परिशुद्ध खेती के व्यापक लाभों और कृषि आय को दोगुना करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में इसकी उपयोगिता के कारण, सरकार ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY- प्रति बूंद अधिक फसल), सेन्सर बेस्ड स्मार्ट एग्रीकल्चर (SENsor based Smart AGRIculture: SENSAGRI) और ड्रोन, मोबाइल ऐप आदि का उपयोग जैसी परियोजनाएं प्रारंभ की हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *


The reCAPTCHA verification period has expired. Please reload the page.