नेतृत्व शब्द के अर्थ : सिविल सेवकों के लिए नेतृत्व की महत्ता

प्रश्न: नेतृत्व (लीडरशिप) के गुणों पर प्रकाश डालते हुए, विश्लेषण कीजिए कि यह एक सिविल सेवक के लिए महत्वपूर्ण क्यों है।

दृष्टिकोण

  • नेतृत्व शब्द के अर्थ का उल्लेख करते हुए उत्तर आरम्भ कीजिए।
  • नेतृत्व की विशेषताओं को रेखांकित कीजिए।
  • सिविल सेवकों के लिए नेतृत्व की महत्ता के कारणों का विश्लेषण करते हुए संक्षेप में निष्कर्ष प्रस्तुत कीजिए।

उत्तर

नेतृत्व साझे लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए लोगों के समूह को प्रेरित करने की कला है। हालांकि प्रभावी नेतृत्व की कई शैलियाँ हैं, किन्तु प्रभावी नेतृत्वकर्ता होने के लिए कुछ सामान्य विशेषताएं होती हैं जैसे- परिवर्तन हेतु तैयार रहना, नया स्वरूप प्रदान करने और नवोन्मेष करने का आकांक्षी होना। नेतृत्वकर्ता उच्च स्तर की निपुणता और योग्यता का प्रदर्शन करता है तथा इस प्रकार वह दूसरों के लिए अनुकरणीय व्यक्तित्व का उदाहरण प्रस्तुत करके नेतृत्व करता है। वह खुलेपन, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा की कार्य-संस्कृति स्थापित करता है। इसके अतिरिक्त, नेतृत्व के अभिलक्षण भावनात्मक बुद्धिमत्ता के उच्च स्तर, निर्णायकता और आत्मविश्वास के द्वारा व्यक्त होते हैं। प्रभावी नेताओं में प्राय: स्पष्ट ध्यान के साथ-साथ दूरदृष्टि भी पाई जाती है।

सम्पूर्ण विश्व के सिविल सेवकों पर निरंतर कम संसाधनों के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने और बढ़ते वैश्विक आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकीकरण से उत्पन्न अतिरिक्त तनाव के कारण दबाव बढ़ रहा है। इस संदर्भ में सिविल सेवाओं में नेतृत्व का महत्व अत्यधिक बढ़ जाता है, क्योंकि:

  • मुद्दों की बढ़ती जटिलता का सामना करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के मध्य टीम निर्माण और नेटवर्किंग की आवश्यकता होती है। न केवल संचार के संपर्क स्थापित करने के लिए, बल्कि विभिन्न विचारों के प्रति सहिष्णुता की संस्कृति विकसित करने हेतु समन्वय और सहयोग के लिए भी नेतृत्व क्षमताओं की आवश्यकता होती है। उदाहरण के लिए, साइबर क्राइम से निपटने के लिए वित्त से लेकर गृह विभाग तक के समस्त विभागों में समन्वय की आवश्यकता होती है।
  • तीव्र तकनीकी परिवर्तनों के युग में, सिविल सेवकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दक्षता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए नवोन्मेष को अपनाने और नए परिवर्तनों के प्रति सुग्राह्य होना चाहिए। उदाहरण के लिए, मणिपुर में एक जिला कलेक्टर ने 100 किमी. सड़क के निर्माण के लिए क्राउड फंडिंग हेतु सोशल मीडिया का उपयोग किया।
  • संकट की स्थितियों में सिविल सेवकों को निर्णय लेने और सार्वजनिक संसाधनों के कुशल उपयोग को सुनिश्चित करने में सक्षम होना चाहिए। उन्हें इन परिस्थितियों में अपने अधीनस्थ अधिकारियों को प्रोत्साहित और प्रेरित करने में सक्षम होना चाहिए। उदाहरण के लिए, आपदा राहत कार्यों में, नुकसान को कम करने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी समन्वय की आवश्यकता होती है।
  • वे लोगों के साथ सीधे संपर्क रखने वाले सरकारी पदों को धारण करते हैं। इसलिए विश्वसनीयता और लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए, उन्हें देश के उच्चतम मूल्यों को बनाए रखते हुए उदाहरण द्वारा नेतृत्व करने की आवश्यकता होती है। उदाहरण के लिए कोझिकोड के जिला कलेक्टर के नेतृत्व में सम्पन्न किया गया ऑपरेशन सुलेमानी ऐसा ही उदाहरण है, जिसमें भूखे लोगों को अत्यधिक गरिमापूर्ण ढंग से भोजन दिया जाता है।

सार्वजनिक जीवन में सर्वनिष्ठ मानकों पर नोलन समिति ने नेतृत्व को सिविल सेवाओं में मूलभूत मूल्यों में से एक माना। इसलिए सिविल सेवकों में नेतृत्व गुणों का विकास करने और प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जाने चाहिए।

Read More

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *


The reCAPTCHA verification period has expired. Please reload the page.