नागरिक चार्टर : सरकार के लिए एक प्रोत्साहक और एक साधन

प्रश्न: नागरिक चार्टर सार्वजनिक सेवा वितरण के मानकों को उन्नत करने हेतु सरकार के लिए एक प्रोत्साहक और एक साधन दोनों हो सकता है। चर्चा कीजिए।

दृष्टिकोण

  • नागरिक चार्टर और इसके उद्देश्य की संक्षिप्त व्याख्या करते हुए उत्तर प्रारंभ कीजिए।
  • चर्चा कीजिए कि यह किस प्रकार सार्वजनिक सेवा वितरण के मानकों को उन्नत करने हेतु सरकार के लिए एक प्रोत्साहक और एक साधन के रूप में सहायक सिद्ध हो सकता है।
  • उपर्युक्त बिंदुओं के आधार पर एक आशावादी टिप्पणी के साथ निष्कर्ष दीजिए।

उत्तर

नागरिक चार्टर एक दस्तावेज है जिसे किसी संगठन द्वारा जनसामान्य के संदर्भ हेतु प्रकाशित किया जाता है और यह संगठन की प्रकृति, प्रक्रिया और कार्य संचालन संबंधी विवरण प्रदान करता है। इसके अंतर्गत सेवा मानकों, विकल्पों और परामर्शों के संदर्भ में सूचना, शिकायत निवारण के विभिन्न तरीकों, विभिन्न सेवाओं को उपलब्ध कराने की समय अवधि आदि को शामिल किया जाता है। ये ऐसे तत्व हैं जिनकी नागरिकों द्वारा संगठन से अपेक्षा की जाती है। साथ ही, इसमें संगठन की प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए संगठन की नागरिकों से की जाने वाली अपेक्षाएं भी शामिल होती हैं।

प्रोत्साहक के रूप में नागरिक चार्टर:

नागरिक चार्टर का मुख्य उद्देश्य सेवा उपयोगकर्ताओं और सेवा प्रदाताओं के मध्य एक प्रकार का अनुबंध स्थापित करना है। यह सार्वजनिक सेवा उपयोगकर्ताओं के अनुभव पर ध्यान केंद्रित करने और सेवाओं को उपयोगकर्ता के प्रति अनुक्रियाशील होने की आवश्यकता की स्पष्ट अभिव्यक्ति करता है। परिणामतः, सार्वजनिक सेवाओं के प्रति जन सामान्य के दृष्टिकोण पर इनका दीर्घकाल तक प्रभाव रहता है।

नागरिक चार्टर सार्वजनिक सेवा वितरण में विकल्प और प्रतिस्पर्धा के तत्वों को समाहित करते हैं। वे सेवा के उच्चतम मानकों के संदर्भ में नागरिक अधिकारों को मान्यता प्रदान कर और उन्हें सशक्त बनाकर एक बड़ा परिवर्तन लाते हैं। नागरिक केंद्रित दृष्टिकोण अपेक्षाओं में वृद्धि करता है, एक प्रतिरूप को निर्धारित करता है तथा सरकार को सभी सेवाओं एवं क्षेत्रों में इसी प्रकार के सुधारों का विस्तार करने हेतु प्रोत्साहित करता है। अतः, इन सुधारों से लोक सेवा गारंटी और न्यूनतम सेवा मानकों के सार्वभौमीकरण को प्राप्त करने की अपेक्षा की गयी है।

एक साधन के रूप में नागरिक चार्टर:

यह निम्नलिखित सार्वजनिक सेवा वितरण मानकों को प्रोत्साहित करने हेतु सरकार के लिए एक साधन के रूप में कार्य करता है:

  • सेवा के सुस्पष्ट मानकों के साथ एक प्रदर्शन निगरानी और मूल्यांकन प्रणाली की स्थापना।
  • उचित व्यवहार का अधिदेश, निजता और गरिमा के लिए सम्मान, सेवा उपयोगकर्ताओं की विशेष आवश्यकताओं पर ध्यान केंद्रित करना।
  • स्पष्ट और प्रभावी रूप से सरल भाषा में सेवाओं, उनकी लागत और निष्पादन के संबंध में संपूर्ण जानकारी प्रदान करना।
  • निर्णय निर्माण में वर्तमान और संभावित सेवा उपयोगकर्ताओं की सहभागिता और परामर्श को प्रोत्साहित करना।
  • उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान हेतु एक प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करना।
  • करदाताओं और उपयोगकर्ताओं को सर्वोत्तम मूल्य प्रदान करने के लिए संसाधनों का कुशलतम उपयोग करना।
  • नवाचार और योजना के माध्यम से प्रदत्त सेवाओं और सुविधाओं को बेहतर बनाने की विधियों की खोज करना।
  • नागरिक चार्टर लोक सेवा सुधार में एक मील का पत्थर है। इसका अक्षरशः कार्यान्वयन किए जाने की स्थिति में यह लोगों और सार्वजनिक सेवा प्रदाताओं के मध्य संबंधों को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा।

Read More

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *


The reCAPTCHA verification period has expired. Please reload the page.