भावनात्मक समझ (बुद्धि)

प्रश्न: उदाहरण सहित व्याख्या कीजिए कि किस प्रकार भावनात्मक समझ (बुद्धि) एक सिविल सेवक के नेतृत्व कौशल की प्रभावशीलता में वृद्धि करती है।

दृष्टिकोण

  • भावनात्मक समझ (बुद्धि) को संक्षेप में समझाइए।
  • उदाहरणों घटनाओं के साथ सूचीबद्ध कीजिए कि किस प्रकार भावनात्मक बुद्धि सिविल सेवकों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में बेहतर नेतृत्व प्रदर्शित करने में सहायता करती है।

उत्तर

भावनात्मक बुद्धि स्वयं की और दूसरों की भावनाओं को समझने और प्रबंधित करने की क्षमता है। यह भावनाओं को एक अवरोधक तत्व से सुगम तत्व में परिवर्तित करने की क्षमता है। इसके अंतर्गत आत्म-जागरूकता, आत्म-विनियमन, अभिप्रेरण, समानुभूति और संबंधित सामाजिक कौशल शामिल हैं जो एक सिविल सेवक को विभिन्न अवसरों पर प्रभावी ढंग से नेतृत्व प्रदान करने में सहायता करते हैं।

एक भावनात्मक रूप से बुद्धिमान सिविल सेवक नेतृत्व के लिए आवश्यक निम्नलिखित अनिवार्य गणों को प्रदर्शित करेगा:

  • वह पहचानता/पहचानती होगा/होगी कि उसका व्यवहार किसी विशेष भावना जैसे गर्व या क्रोध इत्यादि द्वारा शासित है और इस प्रकार, वह शांतचित्त और निष्पक्ष बना रहेगा/रहेगी। उदाहरण के लिए, एक गलती करने पर अधीनस्थ को दूसरों के सामने डांटने की बजाय उस व्यक्ति के साथ अकेले में गलती के कारण पर बात करना।
  • दूसरों की भावनाओं का अनुमान लगाने में सक्षम होने के कारण वह भीड़ प्रबंधन में दक्ष और कठिन परिस्थितियों को  संभालने में भी सक्षम होगा/होगी। उदाहरण के लिए, दंगे की स्थितियों में, वह नेता या नेताओं की पहचान करने और हिंसा को रोकने हेतु वार्ता के लिए उन्हें मनाने में सक्षम होता/होती है।
  • समानुभूति के साथ, वह कार्यों की प्राथमिकता तय करके पीड़ित की भावनाओं पर बेहतर प्रतिक्रिया दे पायेगा/पायेगी। इससे प्रभावी नीति निर्माण एवं कार्यान्वयन सुनिश्चित होगा।
  • अच्छे संप्रेषण कौशल के साथ वह संगठनात्मक कार्यपद्धति में दक्ष होगा/होगी।
  • अभिप्रेरण के उच्च स्तर के साथ, वह दूसरों को कार्रवाई करने के लिए सक्षम बनाएगा/बनाएगी।

इस संबंध में, मणिपुर में एक IAS अधिकारी आर्मस्ट्रांग पेम का एक जीवंत उदाहरण उपलब्ध है। उन्होंने स्थानीय लोगों और ऑनलाइन अंशदान के माध्यम से 100 किमी की “पीपुल्स रोड” के निर्माण में सहायता की। लोगों की चुनौतियों के प्रति समानुभूति और उनमें निहित सामर्थ्य को वास्तविक बनाने की क्षमता ने उन्हें इस परियोजना में एक प्रभावी नेता सिद्ध कर दिया।

ऐसे उच्च भावनात्मक बुद्धि वाले लोग समस्याओं के सफल समाधान की खोज करके अपेक्षित कार्रवाइयों को करने और लक्ष्य को पूरा करने की अपनी क्षमताओं पर विश्वास करते हैं। इस प्रकार, सिविल सेवाओं में भावनात्मक बुद्धि अपरिहार्य है जहाँ व्यक्ति को लोगों, सहकर्मियों और सेवार्थियों के साथ बहुत अधिक अंतःक्रिया करनी होती है।

Read More 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *


The reCAPTCHA verification period has expired. Please reload the page.