अमेरिकी और फ्रांसीसी क्रांति

प्रश्न: अमेरिकी और फ्रांसीसी क्रांति को प्रभावित करने वाले प्रबोधन युग के प्रमुख विचारकों की पहचान कीजिए और उनके विचारों का उल्लेख कीजिए।

दृष्टिकोण

  • अमेरिकी और फ्रांसीसी क्रांति के प्रमुख विचारों को संक्षेप में बताएं।
  • फ्रांसीसी और अमेरिकी क्रांति को प्रभावित करने वाले विभिन्न विचारकों एवं उनके विचारों का वर्णन कीजिए।

उत्तर

फ्रांसीसी क्रांति के पीछे निहित मुख्य विचार स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व थे, जबकि स्वतंत्रता और एक उत्तरदायी सरकार की स्थापना अमेरिकी क्रांति के प्रमुख आधार थे। ये विचार प्रबोधन युग के प्रमुख विचारकों के थे। ऐसे कुछ प्रमुख विचारक निम्नलिखित हैं:

जीन जैक रूसो

  • रूसो के राजनीतिक दर्शन ने फ्रांसीसी और अमेरिकी क्रांतिकारियों, दोनों को प्रभावित किया।
  • उसने कहा कि लोगों की “सामान्य इच्छा” (General Will) व्यक्तिगत इच्छा से ऊपर है। इसके साथ ही उसने “गणतंत्रवादी सरकार” के विचार को प्रस्तावित किया जो फ्रांसीसी क्रांति का मुख्य लक्ष्य था।
  • रूसो का “सामाजिक अनुबंध” (social contract) सिद्धांत, विधि सम्मत सरकार की शर्तों का वर्णन करता है। इसने फ्रांसीसी क्रांति के साथ-साथ उदार, रूढ़िवादी और समाजवादी सिद्धांतों के विकास को भी प्रभावित किया।

बैरन डे मॉन्टेस्क्यू

  •  मॉन्टेस्क्यू का मत था कि निरंकुशता पर रोक लगाने के लिए शक्तियों को तीन शाखाओं यथा कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका में पृथक करना (शक्ति पृथक्करण सिद्धांत) चाहिए।
  • स्वतंत्रता के प्रबल समर्थक होने के कारण, उनका यह विचार था कि “सरकार को अवश्य स्थापित किया जाना चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति से भयभीत न हो सके।”
  • यही कारण है कि उसके विचारों ने लोगों को राजतंत्र के विरुद्ध एकजुट किया और एक न्यायप्रिय सरकार के गठन में उनकी सहायता की।

वॉल्टेयर

  • वॉल्टेयर ने भ्रष्ट पारम्परिक एवं धार्मिक प्राधिकरणों यथा कैथोलिक चर्च पर आक्रमण किया। इसके साथ ही उसने चर्च और राज्य को पृथक करने (पश्चिमी संदर्भ में धर्मनिरपेक्षता) की वकालत की।
  • उसने मुख्य रूप से धार्मिक सहिष्णुता और विचारों की स्वतंत्रता हेतु तर्क प्रस्तुत किए।

थॉमस हॉब्स

  • हॉब्स का विचार था कि राज्य दैवीय नहीं है, बल्कि वास्तव में “प्राकृतिक अवस्था” (सार्वभौमिक असुरक्षा की अवस्थिति) में ऐसे लोगों के मध्य एक अनुबंध का प्रतिफल है जो अपनी सुरक्षा हेतु राज्य के अस्तित्व को आवश्यक मानते हैं।
  • इसके अनुसार राजनीतिक शक्ति का मूल लोगों और सामाजिक अनुबंधों में निहित है।

जॉन लॉक 

  • लॉक, जीवन, स्वतंत्रता और संपत्ति के अपरिहार्य प्राकृतिक अधिकारों में विश्वास करते थे। अत: उनके अनुसार इन्हीं प्राकृतिक अधिकारों की रक्षा हेतु सरकार की स्थापना की जानी चाहिए।
  • लॉक के लेखों ने जेफ़र्सन को प्रभावित किया और अमेरिका की स्वतंत्रता की घोषणा में योगदान दिया।
  • इसके कार्यों ने रूसो और वॉल्टेयर जैसे फ्रांसीसी दार्शनिकों को भी प्रेरित किया।

Read More

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *


The reCAPTCHA verification period has expired. Please reload the page.